बिहार के भागलपुर में गंगा नदी में 21 मजदूरों से भरी नाव पलट गई। मजदूर नदी किनारे पानी के कटाव को रोकने के लिए रेत की बोरियां डालने का काम कर रहे थे। नाव में एक तरफ वजन बढ़ने के बाद उसका संतुलन बिगड़ा और वह नदी में समा गई।
हादसे के बाद सभी मजदूर पानी में गिर गए। रेस्क्यू टीम ने 20 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। एक मजदूर अब भी लापता है और उसकी तलाश जारी है।
उत्तर प्रदेश में बारिश से कई जगह असर
उत्तर प्रदेश में लगातार मानसूनी बारिश के बीच नदियों का जलस्तर बढ़ा है। चंदौली में मूसाखांड और लतीफशाह बांध ओवरफ्लो हो गए। इसके बाद दोनों बांधों के गेट खोल दिए गए हैं।
लखीमपुर में शारदा नदी पर बने तमोलिन पुरवा बांध का एक हिस्सा कट गया। महोबा के जिला अस्पताल में भी पानी भर गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड की छत से पानी टपकने की जानकारी सामने आई है।
काशी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 84 घाट डूब गए हैं। घाटों के किनारे मौजूद करीब 5 हजार दुकानें बंद करनी पड़ीं। नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के आसार हैं। नदी किनारे बसे सभी इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। नाव चालकों को भी नदी से किनारे लौटने के निर्देश दिए गए हैं।
मध्य प्रदेश के 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मध्य प्रदेश में पूर्वी हिस्से के बाद उत्तरी, पश्चिमी और मध्य इलाकों में मानसून सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक भोपाल, उज्जैन, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग के 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इस मानसूनी सीजन में राज्य में औसत 25.5 इंच बारिश दर्ज हुई है। यह कुल कोटे की 68 प्रतिशत है। अब तक बारिश में 11% की कमी बताई गई है। राज्य के 40 जिलों में सामान्य से कम पानी गिरा है, जबकि 15 जिलों में औसत से अधिक बारिश हुई है।
अलग-अलग राज्यों में मौसम का हाल
छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर बताया गया है। राज्य के ऊपर फिलहाल मानसून ट्रफ सक्रिय नहीं है और वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव भी नहीं है। अगले 72 घंटे में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश के आसार नहीं हैं।
उत्तराखंड के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
पंजाब के 9 जिलों में बारिश के आसार हैं। राज्य के अधिकतम तापमान में मंगलवार की तुलना में बदलाव नहीं हुआ है। पटना में सुबह बारिश हुई और आसमान में बादल छाए रहे। बिहार के सभी जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है, हालांकि दिन बढ़ने के साथ कुछ जिलों में बारिश हो सकती है।
राजस्थान के पूर्वी हिस्से में मंगलवार को अच्छी बारिश हुई। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह राज्य में पिछले दो साल में अगस्त का सबसे अधिक तापमान रहा।













