पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान के इलाज को लेकर दुनिया भर के पूर्व क्रिकेटरों ने चिंता जताई है। भारत के सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को चिट्ठी लिखी है।

इमरान खान पिछले तीन साल से जेल की सजा काट रहे हैं। उनकी उम्र 73 वर्ष है। पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने कहा है कि उन्हें इलाज और मेडिकल जांच की उचित सुविधा मिलनी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला

पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान की मेडिकल जांच के लिए एक खास बोर्ड बनाने का आदेश दिया था। अदालत ने उनके परिवार को हर हफ्ते जेल में मुलाकात की इजाजत भी दी थी।

चिट्ठी में दावा किया गया है कि इमरान को अस्पताल में केवल कुछ घंटों के लिए ले जाया गया। इसके बाद सरकारी डॉक्टरों से जांच कराकर उन्हें चिकित्सकीय रूप से फिट बताया गया। फिर उन्हें अडियाला जेल वापस भेज दिया गया।

पूर्व कप्तानों ने इसे अदालत के आदेश का उल्लंघन बताया है। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से इमरान खान की सेहत को लेकर तत्काल कदम उठाने की मांग की है।

पूर्व कप्तानों ने रखीं तीन मांगें

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल की अगुवाई में यह मुहिम शुरू हुई। खिलाड़ियों ने कहा कि उन्होंने चिट्ठी किसी राजनेता के रूप में नहीं, बल्कि क्रिकेट के पुराने साथियों के तौर पर लिखी है।

चिट्ठी में पाकिस्तान सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं।

  • सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार निष्पक्ष मेडिकल बोर्ड बनाया जाए। इसमें इमरान खान के निजी डॉक्टरों को भी शामिल किया जाए।
  • इमरान खान की पूरी मेडिकल जांच कराई जाए। उनकी दाईं आंख की कम होती रोशनी की शिकायत पर विशेष ध्यान दिया जाए।
  • जांच में सुझाया गया इलाज बिना देरी के उपलब्ध कराया जाए। परिवार को हर हफ्ते इमरान से मिलने दिया जाए और प्रशासन कोई रुकावट न डाले।

9 देशों के पूर्व कप्तानों ने किए हस्ताक्षर

इस चिट्ठी पर 9 देशों के पूर्व कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं। भारत की ओर से सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर इसमें शामिल हैं।

अन्य हस्ताक्षरकर्ताओं में ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर, ग्रेग चैपल और इयान चैपल शामिल हैं। इंग्लैंड के एलिस्टेयर कुक और नासिर हुसैन ने भी चिट्ठी पर हस्ताक्षर किए हैं।

वेस्टइंडीज के महान कप्तान क्लाइव लॉयड भी इस अपील में शामिल हैं। पूर्व खिलाड़ियों ने इमरान खान की मेडिकल स्थिति, इलाज और परिवार से मुलाकात के अधिकार पर जोर दिया है।