यश की फिल्म 'टॉक्सिक' ने रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत की है। फिल्म ने दुनियाभर में ₹140.75 करोड़ की ग्रॉस कमाई दर्ज की। निगेटिव से मिक्स्ड रिव्यू मिलने के बावजूद इसकी शुरुआती कमाई पर असर नहीं दिखा।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 24 हजार 579 शो से ₹101.10 करोड़ की नेट कमाई की। घरेलू बाजार में इसका ग्रॉस कलेक्शन ₹120.75 करोड़ रहा। ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने पहले दिन ₹20.00 करोड़ कमाए।
'जवान' और 'आदिपुरुष' से आगे निकली
वर्ल्डवाइड ओपनिंग के आंकड़ों में 'टॉक्सिक' ने शाहरुख खान की 'जवान' को पीछे छोड़ा है। 'जवान' का पहले दिन का कलेक्शन ₹129.13 करोड़ था। प्रभास की 'आदिपुरुष' ने ओपनिंग डे पर ₹128.08 करोड़ कमाए थे।
हालांकि, 'टॉक्सिक' भारतीय फिल्मों की सबसे बड़ी वर्ल्डवाइड ओपनिंग वाली फिल्मों की सूची में ऊपर नहीं पहुंच सकी। फिल्म का कलेक्शन 'देवरा', 'सालार', 'केजीएफ2', 'कल्कि 2898एडी', 'बाहुबली 2', 'आरआरआर', 'धुरंधर 2' और 'पुष्पा 2' से कम रहा।
सबसे ज्यादा वर्ल्डवाइड ओपनिंग वाली फिल्में
- 'पुष्पा 2' — ₹275.01 करोड़
- 'धुरंधर 2' — ₹226.60 करोड़
- 'आरआरआर' — ₹223 करोड़
- 'बाहुबली 2' — ₹217 करोड़
- 'कल्कि 2898एडी' — ₹177.72 करोड़
- 'केजीएफ2' — ₹159 करोड़
- 'सालार' — ₹158.12 करोड़
- 'देवरा' — ₹142.02 करोड़
- 'टॉक्सिक' — ₹140.75 करोड़
- 'जवान' — ₹129.13 करोड़
- 'आदिपुरुष' — ₹128.08 करोड़
फिल्म में ये कलाकार अहम भूमिकाओं में
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी 'टॉक्सिक' में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया हैं। फिल्म सिनेमाघरों में कन्नड़, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज हुई है।
फिल्म अपने इंटीमेट सीन और महिलाओं के चित्रण से जुड़े दृश्यों को लेकर भी चर्चा में रही। इन दृश्यों में तस्वीरों और डायलॉग के जरिए महिलाओं को अच्छी तरह नहीं दिखाए जाने की बात कही गई है।
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने फिल्म को बिना किसी कट के मंजूरी दी और इसे 'A' सर्टिफिकेट दिया।














