नोएडा की एस्ट्रोलॉजी और स्पिरिचुअल-टेक कंपनी Astrotalk भारत के यूनिकॉर्न क्लब में शामिल हो गई है। कंपनी की वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर यानी 9,549 करोड़ रुपये पहुंच गई है। यह उपलब्धि कंपनी ने ESOP Buyback के जरिए हासिल की है।
ESOP Buyback में कंपनी अपने कर्मचारियों से वेस्टेड स्टॉक ऑप्शन या शेयर वापस खरीदने का ऑफर देती है। इसके बदले कर्मचारियों को कैश मिलता है। Astrotalk की योजना के तहत 100 से ज्यादा कर्मचारियों को अपने ESOPs बेचने का मौका मिल रहा है। इससे वे कंपनी में बनी वैल्यू का कुछ हिस्सा कैश कर सकेंगे।
कंपनी के मुताबिक, इस Buyback को उसके मुनाफे से फंड किया जा रहा है। इसलिए इसकी यूनिकॉर्न वैल्यूएशन के साथ लाभ कमाने वाला बिजनेस मॉडल भी महत्वपूर्ण है। कंपनी का कहना है कि कारोबार बढ़ाने के दौरान प्रॉफिबिलिटी उसके फोकस में बनी रही है।
ऐसे शुरू हुई थी Astrotalk
Astrotalk की शुरुआत 2017 में पुनीत गुप्ता और अनमोल जैन ने की थी। शुरुआती दौर में कंपनी ने एस्ट्रोलॉजर्स और यूजर्स को एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ने पर ध्यान दिया। बाद में इसका कारोबार एस्ट्रोलॉजी कंसल्टेशन से आगे बढ़ा। कंपनी ने स्पिरिचुअलिटी, वेलनेस और स्पिरिचुअल कॉमर्स को भी अपने कारोबार में शामिल किया।
कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, उसके प्लेटफॉर्म पर 13,000 से ज्यादा एस्ट्रोलॉजर्स मौजूद हैं। यहां हर दिन 1 लाख मिनट से ज्यादा कंसल्टेशन होती हैं। यूजर्स एस्ट्रोलॉजर्स से बातचीत कर सकते हैं और लाइव सेशन में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा वे कुंडली दिखवा सकते हैं और रोज का राशिफल देख सकते हैं।
Astrotalk ने ज्योतिष के साथ कई दूसरी कैटेगरी भी जोड़ी हैं। कंपनी आध्यात्मिक तरीकों से स्ट्रेस और मेंटल वेलनेस जैसे क्षेत्रों पर ध्यान दे रही है। प्लेटफॉर्म पर स्पिरिचुअल जूलरी, रुद्राक्ष, पाइराइट, वास्तु, धन योग, ग्रह-नक्षत्र और मुलांक से जुड़े प्रोडक्ट उपलब्ध हैं।
वेबसाइट पर गिफ्टिंग कलेक्शन भी मौजूद है। इसमें वेल्थ, कॉन्फिडेंस और लव जैसे थीम वाले क्रिस्टल-इन्फ्यूज्ड परफ्यूम शामिल हैं।
वित्तीय प्रदर्शन में तेजी
वित्त वर्ष 2024-25 में Astrotalk ने 1,176 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया। इसी अवधि में कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स 285 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के मुताबिक, उसका मौजूदा रेवेन्यू रन रेट 2,500 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
इन आंकड़ों के साथ कंपनी ने अपने कारोबार के विस्तार और लाभप्रदता, दोनों को रेखांकित किया है। ESOP Buyback को मुनाफे से फंड किए जाने की बात भी इसी वित्तीय प्रदर्शन से जुड़ी है।
ग्लोबल विस्तार की तैयारी
Astrotalk को लेफ्ट लेन कैपिटल और एलेवेट वेंचर पार्टनर्स जैसे निवेशकों का समर्थन मिला है। लेफ्ट लेन कैपिटल ने फरवरी 2024 में कंपनी में 20 मिलियन डॉलर और उसी साल जून में 14 मिलियन डॉलर का निवेश किया था।
अब कंपनी अपनी ग्रोथ को भारत तक सीमित नहीं रखना चाहती। उसकी तैयारी ग्लोबल फुटप्रिंट बढ़ाने, टेक्नोलॉजी और टैलेंट में निवेश करने की है। साथ ही, कंपनी स्पिरिचुअल-टेक सेक्टर में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहती है।














