कन्नड़ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ रिलीज से पहले चर्चा में है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस एक्शन-थ्रिलर को ब्रिटेन में केवल वयस्क दर्शकों के लिए 18+ रेटिंग मिली है। यह प्रमाणपत्र फिल्म की डार्क और बोल्ड थीम के कारण मिला है।

ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन की रिपोर्ट में फिल्म के भीतर हिंसा, सेक्सुअल सीन्स और इंजरी डिटेल को सबसे ऊंची श्रेणी दी गई है। इन तीनों श्रेणियों में इसे 5 में से 5 अंक मिले हैं। थ्रेट, थ्रिल, न्यूडिटी, ड्रग्स और भाषा के लिए फिल्म को 4/5 रेटिंग दी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म में अंधाधुंध शूटिंग, चाकूबाजी, गला काटने, सिर फटने और प्रताड़ना जैसे दृश्य हैं। इसमें फांसी देने और शरीर के अंग काटने वाले प्रसंग भी बताए गए हैं। हिंसक घटनाओं के बाद खून, गंभीर जख्म, कटे हुए अंग और लाशों के दृश्य भी दिखाई देते हैं।

फिल्म की सामग्री में क्लबों की पृष्ठभूमि वाले बोल्ड और इरोटिक दृश्य शामिल हैं। रिपोर्ट में नशीली दवाओं के अत्यधिक इस्तेमाल का भी जिक्र है। बच्चों से जुड़ा एक संवेदनशील और परेशान करने वाला दृश्य होने की बात भी दर्ज की गई है।

ब्रिटिश बोर्ड की सूची में एक गलती भी सामने आई है। आधिकारिक वेबसाइट पर ‘टॉक्सिक’ को कन्नड़ के बजाय तमिल भाषा की फिल्म बताया गया है। कहानी के विवरण में गोवा के एक ताकतवर ड्रग कार्टेल प्रमुख का जिक्र है, जो अपने विनाश की नींव खुद रखता है।

ब्रिटेन में फिल्म का कुल रनटाइम 191 मिनट और 41 सेकंड दर्ज किया गया है। यानी इसकी अवधि लगभग 3 घंटे 11 मिनट है। फिल्म को मुख्य रूप से कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है। इसे भारत की सबसे महंगी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।

‘टॉक्सिक’ पहले मार्च में रिलीज होने वाली थी। उस समय इसका मुकाबला रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ से होना था। पश्चिम एशिया में तनाव के बाद निर्माताओं ने रिलीज आगे बढ़ा दी। अब यह फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर में रिलीज होगी।

फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने किया है। शुरुआती प्रोमो और टीज़र को हिंसा व बोल्डनेस के कारण आलोचना मिली है। हालांकि 18+ रेटिंग और रिपोर्ट में सामने आई सामग्री ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाई है।