अफगानिस्तान ने बदख्शां प्रांत के वाखान कॉरिडोर में 121 किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क शुरू की है। इससे चीन के शिनजियांग क्षेत्र की ओर सड़क संपर्क बना है और दूरदराज के इलाके में आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।

सरकार के अनुसार, सड़क परियोजना करीब 2 साल में पूरी हुई। इस पर 365 मिलियन अफगानी खर्च हुए, जिसे लगभग 55 लाख डॉलर बताया गया है। ग्रामीण पुनर्वास और विकास मंत्री अब्दुल लतीफ मंसूर ने इसे अफगानिस्तान के लिए रणनीतिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से अहम बताया।

विदेशी इंजीनियरों के बिना निर्माण

मंसूर के मुताबिक, सड़क का निर्माण अफगान इंजीनियरों ने किया। परियोजना के लिए किसी विदेशी इंजीनियर या सलाहकार की मदद नहीं ली गई। सरकार ने इसे स्थानीय तकनीकी क्षमता और कम विकसित प्रांतों में बुनियादी ढांचे को बढ़ाने की दिशा में उपलब्धि बताया है।

वाखान कॉरिडोर बदख्शां में स्थित एक संकरी पट्टी है। यह ताजिकिस्तान और पाकिस्तान के गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र के बीच आता है। इसकी भौगोलिक स्थिति अफगानिस्तान और चीन के बीच संपर्क के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती रही है।

अफगान सरकार सड़क को चीन की ओर व्यापार और संपर्क बढ़ाने के साथ देश के रणनीतिक और आर्थिक हितों से जोड़कर देख रही है। सड़क अभी पक्की नहीं है।